मतगणना के बाद रूझानों में भाजपा 5 पर आगे, कांग्रेस 1 व 2 निर्दलीय के जीत के दावे~ जिपं सदस्य की 8 सीटों पर मतगणना के बाद प्रत्याशियों के एजेंट कर रहे दावा

आशीष यादव, धार 

दूसरे चरण के चुनाव खत्म होने के बाद जिले में फिर मतगणना हुई। इस मतगणना के बाद आए रूझानों ने भाजपा को फिर से जिपं चुनाव की जंग में जीत की तरफ लाकर खड़ा कर दिया है। कांग्रेस-जयस के गढ़ में भाजपा सेंधमारी करने में कामयाब रही है। इसका नतीजा है कि दूसरे चरण की 8 सीटों में से भाजपा ने 5 पर जीत का दावा किया है। कांग्रेस को इस बार नुकसान उठाना पड़ा है। गंधवानी के वार्ड-21 से कांग्रेस रूझानों में आगे रही है। जबकि सिंघाना और धरमपुरी में निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों ने रूझानों में जीत का दावा किया है। 

पहले चरण के रूझानों में भाजपा की स्थिति कमजोर देखने को मिली थी। कुल 10 में से 6 पर भाजपा पीछे रही थी। सिर्फ 4 सीट ही भाजपा के पक्ष में रहने का दावा किया था। ऐसे में कांग्रेस के पास शुरूआत में 6 सीट रहने की बात बात सामने आई थी। लेकिन दूसरे चरण में भाजपा ने अपनी पकड़ मजबूत करते हुए स्थिति में सुधार किया है। ऐसे में भाजपा और कांग्रेस के लिए तीसरा चरण काफी महत्वपूर्ण रहने वाला है। पहले और दूसरे चरण में मतगणना के रूझान के बाद भाजपा खेमे के पास 9 व कांग्रेस के पास 7 सीट होने की संभावना जताई गई है। जबकि दो निर्दलीय प्रत्याशी आगे है। 

चारों ब्लॉक में पकड़ मजबूत 

पहले चरण में कांग्रेस के आगे रहने के बाद गंधवानी, धरमपुरी, उमरबन और मनावर से काफी उम्मीदें जताई जा रही थी। इन तीनों विधानसभा में कांग्रेस विधायक है। लेकिन यहां पर भाजपा की सेंधमारी देखने को मिली है। मनावर में 1 भाजपा व 1 भाजपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी के आगे रहने की जानकारी है। ऐसे में दोनों सीट कांग्रेस से हाथ से जाते दिख रही है। वहीं गंधवानी में भाजपा-कांग्रेस बराबरी पर रही है। दो बार विधानसभा चुनाव हार चुके सरदारसिंह मेड़ा ने जिपं सदस्य चुनाव में मजबूत पकड़ दिखाई है। उमरबन में दिवंगत भाजपा नेता गोपाल कन्नौज के पुत्र शिवराम रूझानों में आगे है। यहां दोनों सीट भाजपा के पास जाती दिख रही है।  

दूसरे चरण की तस्वीर 

गंधवानी ब्लॉक : 

वार्ड क्रमांक-21 : कमला धारवे (कांग्रेस)

वार्ड क्रमांक-22 : सरदारसिंह मेड़ा (भाजपा)

मनावर ब्लॉक : 

वार्ड क्रमांक-23 : कपिल सोलंकी (निर्दलीय)

वार्ड क्रमांक-24 : गणेश जर्मन (भाजपा)

उमरबन ब्लॉक :

वार्ड क्रमांक-25 : गजेंद्र भवेल (भाजपा)

वार्ड क्रमांक-26 : शिवराज गोपाल कन्नौज (भाजपा)

धरमपुरी ब्लॉक : 

वार्ड क्रमांक-27 : शशी शैलेंद्र जायसवाल (भाजपा)

वार्ड क्रमांक-28 : राजू बेन चौहान (निर्दलीय)

नोट :- यह सूची पार्टी प्रतिनिधियों, पोलिंग बूथ एजेंट व समर्थकों द्वारा किए गए जीत के दावे के अनुसार। 14 जुलाई को नतीजों आना है।



..............................................................................


गंधवानी में मतदान पार्टी पर हमला...60 पर केस दर्ज, तीन घायल 

- प्रत्याशी के समर्थकों में विवाद, पथराव में फोड़े वाहनों के कांच 


धार. 


जिले में शुक्रवार को शांतिपूर्ण मतदान व मतगणना के बाद मतदान दल के लौटते वक्त गंधवानी ब्लॉक के ग्राम गरवाल में हमले की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि जीते हुए प्रत्याशी के समर्थक पटाखे फोड़ रहे थे। इससे नाराज हारे हुए प्रत्याशी के समर्थक भीड़ गए। इस विवाद में मतदान पार्टी भी फंस गई। रात 12.30 बजे मतदान पार्टी को बाहर निकाला गया। इस घटना में तीन लोगों को चोट आई है। जबकि गंधवानी पुलिस ने 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। 

पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के मतदान समाप्त होने के बाद धार जिले के गंधवानी विधानसभा के ब्लॉक से जब मतदान दल मतपेटियां और सामग्री लेकर रवाना हो रहा था। इस दौरान ग्राम गरवाल में निर्दलीय प्रत्याशी भंगड़ी बाई की जीत पर विपक्षी लोगों के बीच में विवाद शुरू हो गया। कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। मतदान दल की टीम पर भी लोगों ने पथराव किया। अज्ञात लोगों ने गाडिय़ों के कांच फोड़ दिए। घटनाक्रम में तीन मतदान कर्मियों को भी चोटें आई है। इनका प्राथमिक उपचार गंधवानी स्वास्थ्य केंद्र पर हुआ। 

नामाजद व अज्ञात पर केस दर्ज 

घटना के बाद गंधवानी से रिजर्व टीम रवाना कर मतदाना पार्टी को निकाला गया। गंधवानी पुलिस थाने पर शासन तर्फे एसआइ एनएस डंडोतिया ने बादाम पिता कनसिंह गेहलोत, जितेंद्र पिता भारत गेहलोत, महेंद्र पिता निर्भयसिंह गेहलोत, फिर्तेश पिता धनपास गेहलोत, रेशमबाई पति प्रदीप गेहलोत व उर्मिला पति निर्मल गेहलोत सहित 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा-147, 149, 332, 333, 353, 427 भादवि, 3 लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। फिलहाल सभी आरोपी फरार है, जिनकी तलाश की जा रही है।

टिप्पणियाँ