होलकर साइंस कॉलेज के बारे में विकिपीडिया पर भ्रामक जानकारी

इंदौर. मप्र के टॉप कॉलेज में शामिल इंदौर के होलकर साइंस कॉलेज के बारे में विकिपीडिया पर भ्रामक जानकारी सामने आ रही है। विकिपीडिया पर कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का नाम प्रिंसिपल के रूप में दर्शाया जा रहा है। मामले में कॉलेज प्रशासन ने भ्रामक जानकारी देने वाले 43 छात्रों को चिन्हित किया है।



इंदौर के होलकर साइंस कॉलेज को गूगल पर सर्च करने पर विकिपीडिया द्वारा जो जानकारी दी जा रही है उसमें राहुल गांधी को कॉलेज का प्रिंसिपल बताया जा रहा है। विकिपीडिया पर राहुल गांधी के नाम के आगे डॉक्टर शब्द भी जुड़ा हुआ है। विकिपीडिया की यह जानकारी कॉलेज में पढ़ने वाले छात्रों के वाट्सएप ग्रुपों में वायरल हो रही है।



मामला सामने आने पर एनएसयूआई ने इसकी शिकायत कॉलेज के प्राचार्य और मप्र के स्वास्थ्य मंत्री तुलसी सिलावट के भाई डॉक्टर सुरेश सिलावट से की। एनएसयूआई का आरोप है कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नाम का उपयोग कर भ्रामक जानकारी फैलाने में भाजपा का हाथ है।



मामले में कॉलेज के प्रशासनिक अधिकारी डॉक्टर आरसी दीक्षित ने जानकारी दी कि मामले की शिकायत ऑनलाइन जानकारी प्रदर्शित करने वाली कंपनी विकिपीडिया को की गई थी। वहां से उन लोगों की जानकारी मिल चुकी है जिन्होंने ऑनलाइन सामग्री में बदलाव किया है। 43 छात्रों को चिन्हित किया गया है। मामले में कॉलेज प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जा रही है।


टिप्पणियाँ