सईद नादाँ, बेगमगंज
शासकीय सिविल अस्पताल में नवजात शिशुओं की सुरक्षा को बढ़ते खतरे से माताएं परेशान हैं। अस्पताल में आवारा कुत्ते मजे से घूमते रहते हैं और 24 वहीं आराम करते मिलते हैं।
अस्पताल नवीन भवन शिफ्ट हुए एक साल हो गया लेकिन व्यवस्था जस की तस है। जो कुत्ते पहले पुराने भवन में डेरा जमाए रहते थे वो आज नवीन भवन में शिफ्ट हो गए हैं और जमे से गलियारों सहित कुर्सियों पर डेरा डालकर सोते हुए एवं वार्डों में भी घूमते मिल जाएंगे।
मरीजों के साथ नवजात शिशुओं के लिए खतरा बनकर मंडरा रहे कुत्तों को अस्पताल के चपरासी या चौकीदार भगाने में असमर्थता व्यक्त करते हुए एक -दूसरे पर उनको भगाने का कहकर टाल रहे हैं।
इधर आशंकित माताएं अपने नवजात की सुरक्षा को लेकर इसलिए चिंतित हैं कि अन्य शहरों से आवारा कुत्तों के द्वारा बच्चों पर किए जा रहे हमलों की घटनाओं की खबरों से उन्हें शंका कुशंका ने सचेत किया है।
इधर अव्यवस्था ने सिस्टम की पोल खोल दी है।
अस्पताल प्रबंधन ने आउटसोर्सिंग से सफाईकर्मी ,चपरासी एवं चौकीदार रखें है लेकिन वो अपनी मनमर्जी के मालिक है।
गंदगी और अव्यवस्था सभी तरफ देखने को मिल जाएगीं।
सफाई और सुविधा की औपचारिकता चल रही है। मरीजों को राहत की जगह समस्या मिलने से वो बहुत ज्यादा परेशान हैं।
भगवान भरोसे चलने वाली व्यवस्था से आमजन परेशान हैं। निरंकुश कर्मचारियों की क्या डियूटी है और कितने बजे आना है और कितने बजे जाना है, ये देखने और उन्हें कंट्रोल करने वाला कोई नहीं दिख रहा है।
कर्मचारियों की डियूटी मनमर्जी से चल रही है। मात्र तीन डॉक्टर व्यवस्था संभाल रहे हैं तो अधीनस्थ स्वास्थकर्मी सुबह 10 से 11 के बीच में डियूटी पर आते हैं और समय से पहले ही चले जाते हैं, जैसे कि गैरतगंज से अपडाउन करने वाला डार्क असिस्टेंट उमेश राय एवं अन्य कई कर्मचारियों द्वारा मुख्यालय पर ना रहते हुए अपने -अपने शहरों से अपडाउन किया जाता है। कमोवेश सफाईकर्मी की भी यही स्थिति है जो देवनगर से अपडाउन कर रही है।
आउटसोर्सिंग या रोगी कल्याण समिति मद से रखे गए कर्मचारियों का औपचारिक काम चल रहा है। उन्हें अस्पताल से कुत्तों को भगाने तक में दिक्कत हो रही है।
समाजसेवियों एवं आमजन ने मुख्यमंत्री , स्वास्थ मंत्री , प्रभारी मंत्री , कलेक्टर एवं क्षेत्रीय विधायक जोकि रोगी कल्याण समिति अध्यक्ष भी है, से ध्यान देने की गुहार लगाई है।
फोटो - बेगमगंज शा. सिविल अस्पताल में मजे से सोते हुए आवारा कुत्ते।
addComments
एक टिप्पणी भेजें