नभ को निहार कहती सुनारि सखि! लगातार बरसे बदरा।
पहले फुहार फिर धारदार फिर धुआँधार बरसे बदरा।।
सुन री! किशोर चितचोर छोर पर घटाटोप बरसे बदरा।।
हिय को हिलोर जिय को विभोर कर सराबोर बरसे बदरा।।
चहुँ ओर घोर घनघोर शोर कर नशाखोर वर से बदरा।
तब पोर-पोर उर की किनोर भर उठी जोर बरसे बदरा।।
किलकार मार कर को पसार बन अदाकार बरसे बदरा।
पुचकार यार दिलदार प्यार कर कलाकार बरसे बदरा।।
नभ को निहार कहती --------।।
बम से भड़ाम गिरते धड़ाम करते प्रणाम बरसे बदरा।
लख ताम-झाम हँसते सकाम जब धरा-धाम बरसे बदरा।।
घनश्याम शाम मग में अनाम जिस घड़ी राम! बरसे बदरा।
सच खुले आम जग उठा काम ऐसे ललाम बरसे बदरा।।
फिर छोड़-छोड़ कर को मरोड़ तन को झँझोड़ बरसे बदरा।
अब जोड़-जोड़ दुखता करोड़ रस सा निचोड़ बरसे बदरा।।
पट को सुधार लट को सँवार तब धरा सार बरसे बदरा।
सरकार हारकर तार-तार कर गए छार बरसे बदरा।।
नभ को निहार कहती ------ ।।
गिरेन्द्रसिंह भदौरिया "प्राण"
"वृत्तायन" 957, स्कीम नं. 51
इन्दौर पिन- 452006 म.प्र.
मो.9424044284/6265196070
==============================
addComments
एक टिप्पणी भेजें