अम्बेडकर विश्वविद्यालय में विज्ञान भारती द्वारा विज्ञान प्रदर्शनी का किया गया आयोजन


 

डाॅ. बी. आर. अम्बेडकर सामाजिक विज्ञान विश्वविद्यालय में दिनांक 01 मार्च 2021 को विज्ञान भारती द्वारा विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। विज्ञान भारती द्वारा संचालित विज्ञान यात्रा के श्री प्रजातंत्र गांगले ने बताया कि विज्ञान भारती का मूल सिद्धांत स्वदेशी विज्ञान के विकास के लिए एक जीवन्त आन्दोलन के रूप में अपनाया गया है। स्वदेशी भावना के साथ एक गतिशील विज्ञान आन्दोलन के रूप में, एक ओर पारंपरिक और आधुनिक विज्ञानों को परस्पर जोड़ना है और प्राकृतिक और आध्यात्मिक विज्ञान का समन्वय बनाए रखना है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए मध्य प्रदेश शासन द्वारा स्थापित मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद की ओर से विकसित प्रदेश एवं आत्मनिर्भर देश के लिए परंपरागत एवं आधुनिक विज्ञान का समन्वय एवं सामूहिक प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अंतर्गत विज्ञान यात्रा का आयोजन विभिन्न विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विद्यालयों में किया जा रहा है। इसी क्रम में विज्ञान के प्रयोगों को दर्शाने वाली विज्ञान यात्रा का अवलोकन विश्वविद्यालय की माननीय कुलपति प्रो. आशा शुक्ला, कुलसचिव श्री अजय वर्मा एवं सहायक कुलसचिव श्रीमती संध्या मालवीय के द्वारा किया गया। साथ ही कुलपति महोदया द्वारा विज्ञान भारती द्वारा किये जा रहे इस प्रयास की सराहना की एवं विद्यार्थियों से इसके साथ जुड़ने का आवाहन किया। विश्वविद्यालय के संकायध्यक्षों, संकाय सदस्यों, कर्मचारियों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों द्वारा भी विज्ञान यात्रा का अवलोकन किया गया। इस अवसर पर आईआईटी इंदौर के प्रो. संतोष कुमार विश्वकर्मा एवं डाॅ. अजय कुमार कुशवाह विशेष रूप से उपस्थित थे।



टिप्पणियाँ