ब्राउस में संविधान दिवस के अवसर पर एक गरिमामय कार्यक्रम का हुआ आयोजन


26/11/2020 ब्राउस, संविधान दिवस के अवसर पर डॉ. बी. आर. अम्बेडकर सामाजिक विज्ञान विश्वविद्यालय, महू द्वारा दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। पहले दिन कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए ब्राउस प्रांगण में स्थिति बाबा साहब अम्बेडकर की प्रतिमा पर माननीय कुलपति महोदया प्रो. आशा शुक्ला द्वारा पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ मोमबत्ती प्रज्ज्वलित की गई। इस अवसर पर ब्राउस कुलसचिव प्रो. डी. के. शर्मा सहित सभी संकाय सदस्य, अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।


 


कार्यक्रम की अगली कड़ी में कुलपति महोदया ने सभी को संविधान दिवस की बधाई देते हुए कहा हमारा संविधान बंधुता, एकता और अखण्डता का सूत्र देता है। उन्होंने संविधान सभा की कार्यवाहियों और महत्व के बारे बताते हुए आह्वान किया कि हम आज के दिन यह सुनिश्चित करें कि उन महान विभूतियों के प्रति सम्मान का भाव रखते हुए उनके विचारों को आगे बढ़ाएं। उन्होंने ने कहा कि बाबा साहब भले ही आज हमारे साथ सशरीर नहीं हैं परंतु उनके विचार और जीवन दर्शन निरंतर हमारा मार्गदर्शन कर रहे हैं। विचारों की धारा मानवता के साथ आगे बढ़ती है। हमारा संविधान हमारी राष्ट्रीय एकता, अखंडता और बंधुत्व के विचार को आगे बढ़ाता है। आज का दिन हम सभी के लिए राष्ट्रीय महत्व का है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 का जिक्र करते हुए कहा कि शिक्षा के जरिये भारत को विश्वगुरु बनाने की संकल्पना को पूरा करने के लिए हमें संविधान द्वारा तय किये गए नागरिक कर्तव्यों का अनुसरण करना होगा। सभी के लिए समान शिक्षा और समान अवसरों की उपलब्धता का भाव हमारा संविधान प्रस्तुत करता है। हमें भारतीय संविधान के प्रति निष्ठावान होकर राष्ट्र के विकास के लिए संकल्पित होने की आवश्यकता है। अपने उद्बोधन के अंत में कुलपति महोदया ने उपस्थित सभी सदस्यों को संविधान की उद्देशिका का वाचन कराते हुए संविधान के प्रति निष्ठा रखने का शपथ दिलवाया।



विधि एवं सामाजिक न्याय अध्ययनशाला के डीन एवं कार्यक्रम संयोजक प्रो. किशोर जॉन स्वागत उद्बोधन देते हुए सभी को संविधान दिवस की बधाई दी और कहा कि संविधान हमें एक सूत्र में बांधकर मजबूत करता है। एक नागरिक के रूप में हमें अपने राष्ट्र और समाज की प्रगति के लिए संविधान के प्रति निष्ठा का भाव रखना चाहिए। प्रो. जॉन ने बताया कि कार्यक्रम के दूसरे दिन वरिष्ठ अधिवक्ता सुश्री मिनी रविन्द्रन का भारतीय संविधान और महिला सशक्तिकरण विषय पर वेब व्याख्यान आयोजित किया जाना है।



ब्राउस, कुलसचिव प्रो. डी. के. शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सभागार में उपस्थित सभी को संविधान दिवस की बधाई दी। उन्होंने सभी से संविधान के प्रति निष्ठा रखने की अपील करते हुए संविधान की उद्देशिका का वाचन करवाने के लिए कुलपति महोदया का आभार माना।



टिप्पणियाँ