इंदौर में औद्योगिक इकाइयां भी निभा रही है अपना सामाजिक उत्तरदायित्व

इंदौर 8 अप्रैल 


मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास केंद्र इंदौर के समन्वय से इंदौर क्षेत्र में स्थित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों ने वर्तमान कठिन समय में अपनी सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने की पहल की है। MP IDC के एम डी श्री कुमार पुरुषोत्तम ने विभिन्न औद्योगिक इकाइयों से इस संबंध में समन्वय किया है। आयशर मोटर्स द्वारा विगत 1 सप्ताह से ढाई हज़ार लोगों का खाना प्रतिदिन प्रदाय किया जा रहा है। हाइजीनिक वातावरण में आयशर मोटर्स की केंद्रीय किचन में तैयार यह खाना नगर निगम इंदौर को दिया जा रहा है। यह आपूर्ति आगामी 14 अप्रैल तक सुनिश्चित रहेगी। आयशर मोटर्स द्वारा रेडक्रास इंदौर को 10 लाख रुपये की सहायता राशि भी दी गई है। 
         दवा कंपनी मायलन द्वारा एक करोड़ रुपये की राशी मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा कराई गई है साथ ही पी पी ई किट और मास्क सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं की क्रय के लिए 35 लाख रुपये की सहायता भी दी गई है। 
          श्री पुरुषोत्तम ने बताया है कि तीन फ़ार्मा कंपनियों पार, अलकेम और ल्यूपिन द्वारा दो दो लाख रुपये की राशि पी पी ई किट और मास्क जैसी आवश्यक सामग्रियों के क्रय के लिए दी गई है। साथ ही ढाई लाख रुपये इस समय विशेष रूप से उपयोग में आने वाले चश्मों के लिए दिए गए हैं। प्रतिभा सिंटेक्स कंपनी द्वारा मुख्यमंत्री राहत कोष में 25 लाख रुपये की राशि जमा कराई गई है। जिला प्रशासन  इंदौर द्वारा इन सभी कंपनियों को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया है। मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास केंद्र इंदौर  के श्रीकुमार पुरुषोत्तम ने इन सभी कंपनियों की पहल को अनुकरणीय बताते हुए अन्य सभी इकाइयों से आह्वान किया है कि वे मुख्यमंत्री राहत कोष में अपना अधिक से अधिक योगदान करें।


टिप्पणियाँ